RECENT NEWS
Loading news...

जिला पुलिस सोलन की चिट्टे पर ताबड़तोड़ एक्शन, पांच तस्कर दबोचे


 जिला पुलिस सोलन की एसआईयू की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार सवार पांच व्यक्तियों के पास से 33.27 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने सदर थाना सोलन व धर्मपुर थाना के अंतर्गत मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले मामले में जिला पुलिस की एसआईयू टीम द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर अश्वनी खड्ड लिंक रोड पर कार सवार दो युवकों को काबू किया गया। उनके कब्जे से 14.71 ग्राम चिट्टा, 6 बोतलें देशी शराब और 19,060 रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपियों की पहचान सुरेश कुमार निवासी गांव जखेड़, डाकखाना दंघील, तहसील कंडाघाट, उम्र 50 वर्ष और पारस शिव कुमार, निवासी गांव अवाहाधार, डाकखाना गोहर, तहसील चच्योट, जिला मंडी उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट सहित आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के दौरान मामले में संलिप्त गाड़ी को को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से आरोपी सुरेश कुमार पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है, जिसके विरुद्ध पुलिस थाना कंडाघाट व पुलिस थाना सदर सोलन में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले दर्ज हैं, जबकि पुलिस थाना परवाणू में उसके विरुद्ध चोरी का एक मामला दर्ज है। दूसरे आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। दूसरे मामले में एसआईयू सोलन टीम द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सनवारा टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की गई।




नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका गया, जिसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 18.59 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान सचिन राठौर निवासी गांव पुंदर, डाकखाना देहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला उम्र 27 वर्ष, नवनीत उर्फ सन्नी निवासी गांव पुंदर, डाकखाना देहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला उम्र 29 वर्ष और मनीष कुमार निवासी गांव चौकर, तहसील नौराधार, जिला सिरमौर उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया है। मामले में संलिप्त कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

जिला पुलिस सोलन की चिट्टे पर ताबड़तोड़ एक्शन, पांच तस्कर दबोचे जिला पुलिस सोलन की चिट्टे पर ताबड़तोड़ एक्शन, पांच तस्कर दबोचे Reviewed by SBR on February 07, 2026 Rating: 5

No comments:

Welcome TO SBR Group

Powered by Blogger.